
इमरान पारेख कि खबर…..

*एनीमिया मुक्त कोण्डागांव अभियान के तहत् मैदानी अमले का प्रशिक्षण सह कार्यशाला सम्पन्न*
*एनीमिया मुक्ति हेतु व्यापक जनजागरूकता लाने पर बल*
*कोण्डागांव, 12 सितम्बर 2022/* सोमवार को कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में एनीमिया मुक्त कोण्डागांव अभियान के तहत् कॉलेज एवं स्कूलों के प्राचार्यों सहित खण्ड शिक्षा अधिकारी, खंड स्त्रोत समन्वयक, बाल विकास परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, ब्लॉक हेल्थ प्रोग्राम मेनेजर, आरएमए तथा सुपरवाईजरों का प्रशिक्षण सह कार्यशाला सम्पन्न हुई। इस प्रशिक्षण सह कार्यशाला में कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने कहा कि जिले में एनीमिया के ज्यादा मामलों को देखते हुए एनीमिया मुक्त कोण्डागांव अभियान प्रारंभ किया गया है, जो दो चरणों में संचालित किया जायेगा। जिसके तहत् पहले चरण में 15 से 25 वर्ष तक की बालिकाओं एवं युवतियों तथा दूसरे चरण में गर्भवती महिलाओं को शामिल किया जायेगा। इन सभी की हरेक 02 माह में रक्त जांच कर हिमोग्लोबिन स्तर की जांच की जायेगी। इसका डाटा एनीमिया मुक्त कोण्डागांव मोबाईल ऐप के माध्यम से देख सकेंगे। जिसके द्वारा कोई भी युवती या महिला अपनी जांच रिपोर्ट एवं अपनी प्रगति के बारे में भी जानकारी ऐप के जरिये प्राप्त कर पायेंगे। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों-कॉलेजों, छात्रावासों एवं संस्थाओं पर विशेष ध्यान देते हुए रिकॉल पद्धति से पोषण स्तर पर कार्य किया जाएगा साथ ही सुपोषण की जानकारी के लिए विशेष कक्षाएं लगायी जायेगी। कलेक्टर श्री सोनी एनीमिया मुक्ति की दिशा में व्यापक जनजागरूकता लाने पर बल देते हुए कहा कि यह सभी के सक्रिय सहयोग से फलीभूत होगा। पालक के रूप में बच्चों को खान-पान, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के लिए समझाईश दें। छात्र-छात्राओं से चर्चा करें। बालिकाओं को आयरन फोलिक एसिड टेबलेट प्रदाय करने पृथक से घंटी बजाकर उन्हें समझाईश दी जाये। इसके साथ ही इन सभी का नियमित रूप से मॉनिटरिंग करें। गांव में चौपाल या बैठक के माध्यम से पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीणों से चर्चा कर एनीमिया मुक्ति के लिए व्यापक जागरूकता लाने सहित व्यवहार परिवर्तन की दिशा में ठोस पहल किया जाये। गांव स्तर पर इस ओर मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सहायिकाओं का सहयोग लिया जाये।
प्रशिक्षण सह कार्यशाला के दौरान हिमोग्लोबिन जांच के साथ तिरंगा भोजन एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने हेतु जानकारी दी गयी। तिरंगा भोजन अंतर्गत केसरिया अर्थात् नारंगी फल एवं सब्जियों, सफेद के तहत् कार्बोहाइड्रेट युक्त खाद्य पदार्थ अनाज, चावल, डेयरी उत्पाद आदि तथा हरे रंग अंतर्गत हरी सब्जियां एवं हरी पत्तीदार सब्जियों और विशेषकर मुनगा, मुनगा के पत्ते, मुनगा पत्ते का पाउडर को शामिल करने कहा गया। इसके साथ ही अतिरिक्त पौष्टिक आहार, आयरन एवं विटामिन के टेबलेट का उपयोग, स्वच्छता एवं साफ-सफाई आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। प्रशिक्षण सह कार्यशाला में प्रशिक्षक के तौर पर डीपीएम सोनल धु्रव, पीएमयू से सिओना कोरिया, न्यूट्रीशन इंटरनेशनल से श्री चरणजीत एवं सीडीपीओ श्री दीपेश बघेल ने एनीमिया मुक्त कोण्डागांव अभियान के बारे में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान डीपीओ महिला एवं बाल विकास श्री अवनि विश्वास सहित स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

