
*आश्रम-छात्रावास अधीक्षक एवं अधीक्षिकओं की बैठक संपन्न*
*आश्रम-छात्रावासों के सुचारू संचालन पर बल*
*बच्चों के पालक के रूप सेवाएं सुनिश्चित करें- कलेक्टर श्री सोनी*
इमरान पारेख कि खबर…….
*कोण्डागांव, 08 सितम्बर 2022/* जिले के आश्रम-छात्रावासों को बेहतर और सुचारू ढंग से संचालित किया जाये। इस दिशा में आश्रम छात्रावास अधीक्षक एवं अधीक्षिकाएं अपने घर के बच्चों की तरह बच्चों के पालक के रूप में सेवाएं दें। अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी सजगता और संवेदनशीलता के साथ करें। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने कलेक्टोरेट में आयोजित आश्रम-छात्रावास अधीक्षक एवं अधीक्षिकाओं की बैठक के दौरान दिये। उन्होने बैठक में अनुपस्थित 22 अधीक्षक-अधीक्षिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने आश्रम-छात्रावास भवनों सहित बिजली, पानी, शौचालय ईत्यादि सुविधाओं सहित बच्चों के लिए शैय्या, गद्दे, चादर आदि व्यवस्था की जानकारी ली और सभी आवश्यक सुविधाओं एवं सामानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होने बच्चों की समुचित देखभाल करने हेतु अधीक्षक एवं अधीक्षिकाओं को निर्देशित किया कि बच्चों के प्रति व्यवहार अच्छा रखें, जिससे बच्चे अपनी समस्या बता सकें। बच्चों के व्यवहार का ध्यान रखें और मानसिक तौर पर परेशान रहने वाले बच्चों का मेडिकल काउन्सलिंग करायें। हरेक आश्रम-छात्रावास में 15 दिवस के भीतर चिकित्सा परीक्षण शिविर आयोजित कर बच्चों का चिकित्सा जांच एवं उपचार सुविधा उपलब्ध कराया जाये। बच्चों को गुणवत्तापरक नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराया जाये। वहीं उन्हे साबुन, तेल, टूथपेस्ट आदि गुणवत्तापूर्ण सामग्री सुलभ करायें। चहारदीवारी वाले आश्रम-छात्रावासों में बाड़ी विकास के तहत् साग-सब्जी लगाया जाये, जिससे बच्चों को पौष्टिक हरी सब्जी भोजन में उपलब्ध हो सके। आश्रम-छात्रावासों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखा जाये और बच्चों को स्वच्छता एवं साफ-सफाई के प्रति सजग रहने प्रोत्साहित किया जाये। कलेक्टर श्री सोनी ने एनीमिया मुक्त कोण्डागांव अभियान के तहत् कन्या आश्रम-छात्रावासों के बालिकाओं का नियमित रूप से हिमोग्लोबिन जांच सहित उन्हे आयरन फोलिक एसिड टेबलेट देने सहित उनके खानपान का ध्यान रखने पर बल देते कहा कि एनीमिया मुक्त आश्रम-छात्रावास को पुरस्कृत किया जायेगा। उन्होंने कन्या आश्रम-छात्रावासों में सुरक्षा हेतु सजगता बरतने पर बल देते हुए अधीक्षिका एवं महिला कर्मचारियों की मौजूदगी में ही नियत समयावधि में पुरूष आगन्तुकों को नियमानुसार प्रवेश देने कहा। इसके साथ ही आश्रम-छात्रावासों के बेहतर संचालन की दिशा में बेस्ट प्रेक्टिसेस के लिए संबन्धित आश्रम-छात्रावास को पुरस्कृत किया जायेगा। उन्होने आश्रम-छात्रावासों के लिए आवश्यक सामग्री का क्रय सी-मार्ट से करने कहा और शीघ्र ही संस्थाओं तक सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने आश्वस्त किया। बैठक के दौरान आवश्यक सुविधाओं एवं सामग्रियों की उपलब्धता संबधी प्रतिवेदन एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री संकल्प साहू, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक पटेल सहित जिले में पदस्थ मंडल संयोजक उपस्थित थे।

