
*कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक*
*मनरेगा के रोजगारमूलक कार्यों में अधिकाधिक रोजगार सुलभ कराने के निर्देश*

*निर्माण कार्यों को तेजी के साथ संचालित कर नियत समयावधि में पूर्ण करें- कलेक्टर श्री सोनी*
*कोण्डागांव, 20 दिसम्बर 2022/*जिले में विभिन्न मदों के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों को योजनाबद्ध ढंग से तेजी के साथ संचालित कर नियत समय-सीमा में पूर्ण किया जाये। मनरेगा के अंतर्गत रोजगारमूलक कार्यों को नियमित रूप से संचालित कर अधिक से अधिक पंजीकृत जॉब कार्डधारी परिवारों को रोजगार सुलभ कराया जाये। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने कलेक्टोरेट में आयोजित समय-सीमा की बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने बैठक में मुख्यमंत्री के घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए आधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री जी के घोषणाओं का क्रियान्वयन सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाये। इस दिशा में निर्माण कार्यों की स्वीकृति के साथ ही तत्काल कार्य प्रारंभ किया जाये। उन्होने स्वीकृत निर्माण कार्यों का शीघ्र निविदा प्रक्रिया पूर्ण किये जाने कहा। वहीं अन्य घोषणाओं के कार्यान्वयन के लिए सम्बन्धित विभागों को त्वरित पहल किये जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सोनी ने जिले में सड़क, पुल-पुलिया तथा भवन निर्माण कार्यों को पूरी योजनाबद्ध ढंग से तेजी के साथ संचालित करने पर जोर देते हुए कहा कि कार्यादेश के साथ ही निर्माण कार्यों के लिए पर्याप्त निर्माण सामग्री एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सहित श्रमिकों की व्यवस्था कर निर्माण कार्यों को द्रुत गति से संचालित किया जाये। वहीं इन निर्माण कार्यों का नियमित मॉनिटरिंग कर गुणवत्ता एवं तकनीकी मापदण्डों का परिपालन सुनिश्चित करने सहित नियत समयावधि मंे पूर्ण किया जाये। उन्होने जल जीवन मिशन के कार्यों में अद्यतन प्रगति लाने सहित गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने कहा। उन्होने जल जीवन मिशन के द्वारा ग्रामीण ईलाके के स्कूल, आंगबाड़ी केन्द्रों, स्वास्थ्य केन्द्रों, आयुर्वेद औषधालयों आदि में रनिंग वॉटर की व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने कि निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सोनी ने मनरेगा में रोजगारपरक कार्यों को निरंतर संचालित करने कहा और एक कार्य की समाप्ति पर स्वीकृत दूसरा कार्य प्रारंभ कर पंजीकृत जॉब कार्डधारी परिवारों को रोजगार सुलभ कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होने मनरेगा के अंतर्गत वनाधिकार पट्टेधारकों को भूमि समतीकरण, डबरी निर्माण, कुक्कुट शेड, डेयरी शेड निर्माण ईत्यादि से लाभान्वित किये जाने कहा।
कलेक्टर श्री सोनी ने मरम्मत योग्य स्कूलांे तथा आश्रम-छात्रावासों का प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत किये जाने के निर्देश दिए। वहीं स्कूलों का नियमित निरीक्षण कर अनुपस्थित शिक्षकों के विरूद्ध कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिए। उन्होने आंगनबाड़ी केन्द्र भवन निर्माण एवं मरम्मत सहित उचित मूल्य दुकान निर्माण एवं मरम्मत के कार्यों के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने कहा। बैठक में मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, एनीमिया मुक्त कोण्डागांव अभियान, गोधन न्याय योजना, सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत पेंशन भुगतान, समर्थन मूल्य पर कोदो-कुटकी एवं रागी की खरीदी, समर्थ मूल्य में धान उपार्जन, गौठानों में पैरादान, मुख्यमंत्री जन चौपाल एवं कलेक्टर जनदर्शन के तहत प्राप्त आवेदन पत्रों का निराकरण ईत्यादि की बिन्दुवॉर समीक्षा की गयी। बैठक में डीएफओ उत्तर कोण्डागांव श्री एन गुरूनाथन, सीईओ जिला पंचायत श्री प्रेमप्रकाश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और जिले में पदस्थ एसडीएम, तहसीलदार, सीईओ जनपद पंचायत तथा नगरीय निकायों के सीएमओ मौजूद थे।

