
*कलेक्टर ने की मनरेगा के कार्यों की समीक्षा*
*रोजगारमूलक कार्यों में अधिकाधिक जॉब कार्डधारकों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश*
*वनाधिकार पट्टेधारी हितग्राहियों को प्राथमिकता के साथ लाभान्वित करें- कलेक्टर श्री सोनी*
इमरान पारेख कि खबर
*कोण्डागांव, कलेक्टर
श्री दीपक सोनी ने जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजनान्तर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और रोजगारमूलक कार्यों में अधिकाधिक पंजीकृत जॉब कार्डधारी परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होने मनरेगा के तहत् वन पट्टेधारी हितग्राहियों को प्राथमिकता के साथ लाभान्वित कर उनकी आय संवृद्धि के लिए सकारात्मक पहल किये जाने कहा। कलेक्टर श्री सोनी ने मनरेगा से अधिकाधिक ग्रामीणों को जोड़ने की दिशा में मनरेगा चौपाल आयोजित किये जाने के निर्देश दिये। जिसमें योजना की जानकारी देने सहित उपयोगी अद्योसंरचनाओं के निर्माण हेतु चर्चा करने, अन्य योजनाओं से लाभान्वित करने पर चर्चा, मजदूरी भुगतान के लिए व्यवस्था ईत्यादि सुनिश्चित किया जायेगा।
कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने बैठक के दौरान जिले में मनरेगा के तहत स्वीकृत, पूर्ण और संचालित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि मनरेगा हेतु निर्धारित मानव दिवस लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए रोजगारमूलक कार्यों को नियमित तौर पर संचालित किया जाये। हरेक ग्राम पंचायत में कार्य की मांग के अनुरूप स्वीकृत रोजगारमूलक कार्यों को शुरू किया जाये तथा पंजीकृत जॉब कार्डधारी परिवारों को रोजगार सुलभ कराया जाये। मनरेगा के कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी अमले द्वारा निरंतर मॉनिटरिंग किया जाये। उन्होने अपूर्ण कार्यों पर ध्यान केन्द्रीत कर योजनाबद्ध ढंग से संचालित कर नियत समयावधि में पूर्ण किये जाने के निर्देश दिए। इस दिशा में गौठान निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर पूरा करने कहा। वहीं गौठानों को आजीविका केन्द्र के रूप में विकसित कर विभिन्न आयमूलक गतिविधियों के संचालन पर बल दिया।
*वनाधिकार पट्टेधारी हितग्राहियों को प्राथमिकता के साथ लाभन्वित करने पर बल*
कलेक्टर श्री सोनी ने वनाधिकार पट्टेधारी हितग्राहियों के आय संवृद्धि के लिए उन्हे मनरेगा के तहत भूमि समतलीकरण, डबरी निर्माण, कूप निर्माण, कुक्कुट शेड, बकरी शेड, डेयरी शेड ईत्यादि से लाभान्वित करने सहित उन्नत खेती-किसानी, मत्स्यपालन, साग सब्जी उत्पादन, कुक्कुटपालन, बकरीपालन, गौपालन के लिए अन्य योजनाओं से सहायता सुलभ कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होने इस ओर हरेक ग्राम पंचायत के चिन्हीत लाभार्थियों को उनकी जरूरत एवं रूचि के अनुरूप लाभान्वित किये जाने कहा। कलेक्टर ने मनरेगा में ग्रामीणों की व्यापक सहभागिता हेतु हर ब्लाक में प्रत्येक माह 10 मनरेगा चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए। जिसमें योजना की जानकारी सहित अन्य योजना से लाभान्वित करने पर चर्चा तथा हितग्राहियों का चयन किये जाने कहा। उन्होने मनरेगा के तहत रिक्त तकनीकी सहायक, रोजगार सहायक ईत्यादि पदों पर नियमानुसार भर्ती की कार्यवाही पूर्ण किये जाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान मनरेगा के पूर्ण कार्यों की पूर्णता प्रमाण पत्र, गौठान निर्माण, वर्मी टांका एवं अपशिष्ट प्रबन्धन शेड निर्माण, नरवा विकास, मत्स्यपालन तालाब निर्माण सहित सड़क किनारे वृक्षारोपण, सामुदायिक वृक्षारोपण कार्यों की बिन्दुवॉर समीक्षा की गयी। बैठक में डीएफओ दक्षिण कोण्डागांव श्री आरके जागड़े, सीईओ जिला पंचायत श्री प्रेमप्रकाश शर्मा सहित जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, कृषि, उद्यानिकी आदि क्रियान्वयन एजेंसीज के अधिकारी और जनपद पंचायतों के सीईओ तथा मनरेगा के सहयक परियोजना अधिकारी,¬ कार्यक्रम अधिकारी तथा अन्य अधिकारी मौजूद थे।

