जिले में 10 ग्रामीण औद्योगिक पार्कों की होगी स्थापना*

*इमरान पारेख कि खबर
*ग्रामीण औद्योगिक पार्क निर्माण हेतु एक दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन*

*कोण्डागांव, 21 सितम्बर 2022/* मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के द्वारा महात्मा गांधी के सशक्त ग्राम की संकल्पना को सुदृढ़ करने हेतु 15 अगस्त को सभी विकासखण्डों में महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क (रीपा) निर्माण करने की घोषणा की गई थी। जिसके तहत् कोण्डागांव जिले में 10 ग्रामीण औद्योगिक पार्कों की स्थापना कोण्डागांव विकासखण्ड के करनपुर एवं मड़ानार, केशकाल विकासखण्ड के अड़ेंगा एवं जामगांव, बड़ेराजपुर विकासखण्ड के छोटेराजपुर एवं लिहागांव, माकड़ी विकासखण्ड के माकड़ी एवं काटागांव, फरसगांव विकासखण्ड के बोरगांव पूर्वी एवं लंजोड़ा में की जा रही है। जिसमें बेलमेटल शिल्प, सुगंधित तेल प्रसंस्करण, रागी प्रसंस्करण, दुग्ध उत्पादन, अण्डा उत्पादन, मत्स्य पालन, मुर्गीपालन, ईमली प्रसंस्कण, हेचरी, पेपर कप, सुकर पालन, कपड़ा बुनाई दोना-पत्तल, टीशू पेपर निर्माण किया जायेगा। जिसके विकास के लिए जिला स्तर पर कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार जिला स्तरीय एवं जनपद स्तरीय समिति का निर्माण कर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
नियुक्त किये गये सभी नोडल अधिकारियों को रीपा के सफल संचालन के लिए प्रशिक्षण हेतु कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया था। जिसमें मास्टर ट्रेनर के रूप में एनआरएलएम के डीएमएम विनय सिंह द्वारा सभी जनपद पंचायत के कार्यपालन अधिकारियों, विकासखण्ड प्रबंधकों, नोडल अधिकारियों एवं अधिनस्थ कर्मचारियों को प्रशिक्षण देते हुए उन्हें रीपा के संचालन एवं प्रबंधन के संबंध में जानकारियां दी गई। ज्ञात हो कि राज्य शासन के निर्देशानुसार आगामी दिनों में प्रत्येक विकासखण्डों में 02 ग्रामीण औद्योगिक पार्कों की स्थापना की जा रही है। जिसके माध्यम से ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को इससे जोड़कर रोजगार प्रदान करते हुए आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने का प्रयास कर गांवों को एक उत्पादक यूनिट के रूप में विकसित किया जायेगा। जिससे महात्मा गांधी के गांवों से शहर की ओर अर्थव्यवस्था की संकल्पना को बल मिलेगा एवं गांवों की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी और रोजगार के लिए होने वाले पलायन पर भी अंकुश लगेगा। लोगों को अपने ही घरों में रोजगार प्राप्त हो सकेंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें