
*कोण्डागांव :- देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज कोण्डागांव नगर के विकास नगर स्टेडियम मैदान में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव श्री कुंवर सिंह निषाद के द्वारा ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई एवं शांति के प्रतीक श्वेत कपोत एवं तिरगें गुब्बारों को उड़ाया गया। वहीं मुख्य अतिथि संसदीय सचिव श्री कुंवर सिंह निषाद ने कलेक्टर श्री दीपक सोनी और पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के साथ परेड का निरीक्षण किया। इस मौके पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल, जिला पुलिस बल पुरूष एवं महिला, नगर सेना और राष्ट्रीय सेवा योजना के कुल 9 प्लाटून द्वारा उत्साह के साथ मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया। तदुपरान्त मुख्य अतिथि संसदीय सचिव श्री निषाद द्वारा मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के प्रदेश की जनता के नाम जारी स्वतं़त्रता दिवस संदेश का वाचन किया गया। जिसमें शासन की जनहितकारी योजनाओं जैसे राजीव गांधी किसान न्याय योजना, मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना, लघु वनोपजों का समर्थन मूल्य, गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, कृष्ण कुंज योजना, सार्वभौम पीडीएस, मुख्यमंत्री सुपोषण योजना, स्वामी आत्मानंद इंगलिश मिडियम स्कूल योजना, डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना, मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना, मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान, राम वन गमन पथ के अलावा बस्तर फाइटर्स गठन, 10 हजार शिक्षकों की भर्ती सहित स्थानीय संसाधनों और परंपरागत कौशल के माध्यम से आर्थिक-सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में किये जा रहे प्रयासांे के संबंध में जानकारी दी गई थी।
इसके पश्चात कार्यक्रम मंे माननीय मुख्य अतिथि द्वारा शहीद जवानों के परिजनों को संम्मान करने की परंपरा में नक्सली उन्मूलन अभियान में हुए शहीद जवानों के परिवार के सदस्यों को श्रीफल एवं शॉल देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री देवचंद मातलाम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती भगवती पटेल और क्षेत्र के जनप्रतिनिधी एवं पंचायत पदाधिकारी तथा सीईओ जिला पंचायत प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा सहित जिला प्रशासन के सभी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
उत्कृष्ट दायित्व निर्वहन हेतु अधिकारी-कर्मचारी किये गये सम्मानित
समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा कोविड टीकाकरण के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न विभागीय दायित्वों के उत्कृष्ट निर्वहन हेतु स्वास्थ्य, पुलिस विभाग, पंचायत ग्रामीण विकास, राजस्व विभाग, महिला बाल विकास, वनविभाग, कृषि विभाग, नगरीय निकाय, आदिवासी विकास, शिक्षा इत्यादि विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान वित्तीय समावेशन, समूह गठन एवं जैविक खेती की दिशा में बेहतर प्रदर्शन के लिए क्रमशः संतोषी नायक, हेमंती नाग और सीमा मरकाम को नकद सम्मान निधि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं उत्कृष्ट गौठान डुडेंरापाल के लिए 25 हजार रूपये की नकद सम्मान निधि सरपंच श्री लिलेश्वर मरकाम एवं गौठान समिति अध्यक्ष श्री पतिराम मण्डावी को प्रदान किया गया। 

