कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने केशकाल सड़क निर्माण सहित, विभिन्न निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण।कार्य में तेजी लाने अधिकारियों को दिए निर्देश।

महफूज़ अली/कोण्डागांव/ 05 फरवरी 2026–कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने गुरुवार को जिले के विभिन्न विकासखण्डों में निर्माणाधीन कार्यों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

केशकाल विकासखण्ड अंतर्गत कलेक्टर ने केशकाल मुख्य मार्ग के उन्नयन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने हेतु पोल शिफ्टिंग एवं वृक्ष कटाई के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य को निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए आवश्यकता अनुसार यातायात को डायवर्ट करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त केशकाल में प्रस्तावित सुव्यवस्थित लाइब्रेरी निर्माण हेतु चिन्हांकित भूमि का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम केशकाल सुश्री आकांक्षा नायक, एनएच के अधिकारी श्री प्रज्ञानंद, तहसीलदार श्री गणेश सिदार एवं जनपद पंचायत सीईओ श्री अनुराग सिन्हा उपस्थित रहे।

फरसगांव में धान खरीदी केन्द्र का किया निरीक्षण

कलेक्टर ने फरसगांव विकासखण्ड अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन लाइब्रेरी भवन का भी निरीक्षण किया और इसे निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने फरसगांव धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण कर खरीदे गए धान की गुणवत्ता एवं वजन की जांच की। इस दौरान उन्होंने पीवी के अनुसार शेष धान खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंजोड़ा में महतारी सदन भवन के निर्माणाधीन कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर एसडीएम फरसगांव श्री अश्वन पुसाम, तहसीलदार श्री जय नाग, जनपद पंचायत सीईओ श्री रूपेन्द्र नेताम सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment