
महफूज़ अली/केशकाल –संस्कृति विवि के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य पर विवेकानंद अंतर्राष्ट्रीय संबंध (वीआईआर) शांति पुरस्कार दिया गया। समारोह में स्मृति चिह्न और सम्मान पत्र गायत्री परिवार प्रतिनिधि ने प्राप्त किया। डॉ चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के आशीर्वाद से ही सेवाकार्य संभव हो सका है। यह सम्मान उन्हीं विभूति को समर्पित है, जिन्होंने दुनिया में भारतीय संस्कृति के नवोन्मेष, सांस्कृतिक उत्थान और युवाओं के जागरण के लिए गायत्री परिवार की स्थापना की। यही कारण है कि आज पूरी दुनिया गायत्री परिवार की ओर आशाभरी दृष्टि से देख रही है।
उल्लेखनीय हो कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जन कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए अवार्ड मिला है। शैलबाला पण्ड्या ने इस विशिष्ट उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त कर शुभकामनाएं दीं। आयोजक संस्था तर्पण फाउंडेशन युवा सशक्तिकरण एवं उत्थान के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर ख्यातिलब्ध संस्थान है। पूर्व मे भी फाउंडेशन की ओर से अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रतिनिधि डॉ चिन्मय पंड्या के साथ ही उद्योगपति रतन टाटा को भी वीआईआर शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अध्यात्म, शिक्षा, पर्यावरण, उद्योग, शांति, तकनीक आदि के क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाता है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धी पर बस्तर संभाग के गायत्री परिवार के सभी बंधुओ मे हर्ष व्याप्त है। तुलसी मानस प्रतिष्ठान छत्तीसगढ के प्रदेश सलाहकार लोकेश गायकवाड़ व जिला कोडागांव के महामंत्री हरिशंकर नेताम जी ने अपनी बधाई प्रेषित की है।

