मड़ानार में जिले के 10 ग्रामीण औद्योगिक पार्कों का विधायक मोहन मरकाम एवं चंदन कश्यप ने किया भूमिपूजन*

*जिला कोण्डागांव*
*इमरान पारेख कि खबर*
*मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने वर्चुअली 300 ग्रामीण औद्योगिक पार्कों का किया शिलान्यास*

*कोण्डागांव, 02 अक्टूबर 2022/* रविवार को मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से महात्मा गांधी की 153 वीं जयंती अवसर पर ग्रामीणों के लिए आजीविका के अवसरों को बढ़ाने के लिए राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना ‘महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क‘ के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा राज्य के 145 विकासखण्डों में 300 ग्रामीण औद्योगिक पार्कों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनके साथ छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर, गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, महिला बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया, राज्य गौ सेवा आयोग अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मड़ानार में आयोजित कोण्डागांव जिले के जिला स्तरीय भूमिपूजन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड के अध्यक्ष एवं विधायक नारायणपुर चंदन कश्यप, विधायक कोण्डागांव मोहन मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातलाम, उपाध्यक्ष भगवती पटेल, जनपद केशकाल अध्यक्ष महेंद्र नेताम, जनपद अध्यक्ष बडेराजपुर प्रेमशीला मंडावी, जनपद उपाध्यक्ष मनोज सेठिया एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेमप्रकाश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
जहां विधायक मोहन मरकाम ने कहा कि ग्रामीण औद्योगिक पार्क के निर्माण से स्थानीय युवा जो स्वरोजगार से जुड़ना चाहते है उन्हंेे स्थान उपलब्ध होने के साथ गांव के स्थानीय वनोंत्पादों का प्रसंस्करण भी स्थानीय स्तर पर हो सकेगा। राज्य शासन द्वारा 65 प्रकार के वनोंपजों का इसी उद्देश्य से न्यूनतम् समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। आज वे महिलाएं जो कभी केवल घरेलू कार्यों तक सीमित हुआ करती थी। गौठानों एवं बिहान के सहयोग से वे आत्मनिर्भर हो रही है और स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार का भी भरण पोषण कर रही है। महिलाएं आज गांव की अर्थव्यवस्था में अभिन्न योगदान दे रही है जोकि महात्मा गांधी के अनुसार गांव विकास से देश के विकास की संकल्पना को साकार करती नजर आ रहीं हैं।
विधायक श्री कश्यप ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके द्वारा प्रारम्भ रीपा से गांव के सभी लोगो को जुड़ना चाहिए। इससे गांवों का सर्वांगीण विकास होगा। इससे गांव की महिलाओं को रोजगार प्राप्त होगा। मड़ानार में आवर्ती चराई गोठान में बायोफ़्लॉक द्वारा मत्स्य उत्पादन, सुगन्धित तेलों का उत्पादन, स्थानीय टोरा फल से तेल उत्पादन एवं इमली का प्रसंस्करण का कार्य किया जाएगा। जिससे आस पास के ग्रामीणों को रोजगार प्राप्त होगा।
ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के द्वारा महात्मा गांधी के सशक्त ग्राम की संकल्पना को सुदृढ़ करने हेतु 15 अगस्त 2022 को सभी विकासखण्डों में महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क (रीपा) निर्माण करने की घोषणा की गई थी। जिसके तहत् कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर कोण्डागांव जिले में 10 ग्रामीण औद्योगिक पार्कों की स्थापना कोण्डागांव विकासखण्ड के करनपुर एवं मड़ानार, केशकाल विकासखण्ड के अड़ेंगा एवं जामगांव, बड़ेराजपुर विकासखण्ड के छोटेराजपुर एवं लिहागांव, माकड़ी विकासखण्ड के माकड़ी एवं काटागांव, फरसगांव विकासखण्ड के बोरगांव पूर्वी एवं लंजोड़ा में की जा रही है। जिसमें बेलमेटल शिल्प, सुगंधित तेल प्रसंस्करण, रागी प्रसंस्करण, दुग्ध उत्पादन, अण्डा उत्पादन, मत्स्य पालन, मुर्गीपालन, ईमली प्रसंस्कण, हेचरी, पेपर कप, सुकर पालन, कपड़ा बुनाई दोना-पत्तल, टीशू पेपर निर्माण किया जायेगा।
इन ग्रामीण औद्योगिक पार्कों के माध्यम से ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को इससे जोड़कर रोजगार प्रदान करते हुए आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने का प्रयास कर गांवों को एक उत्पादक यूनिट के रूप में विकसित किया जायेगा। जिससे महात्मा गांधी के गांवों से शहर की ओर बढ़ने वाली आत्मनिर्भर ग्रामों वाली अर्थव्यवस्था की संकल्पना को बल मिलेगा एवं लोगों को अपने ही घरों में रोजगार प्राप्त होगा।

Leave a Comment

और पढ़ें