
केशकाल/महफूज़ अली/14अगस्त2026–केशकाल से लन्जोडा तक 45 किलोमीटर की बाइक तिरंगा यात्रा में राष्ट्रप्रेम के साथ महिला सशक्तिकरण का अलग संदेश भी देखने को मिला। विधायक नीलकंठ टेकाम के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में केशकाल अनुभाग की अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) आकांक्षा नायक स्वयं बुलेट पर सवार होकर करीब 45 किलोमीटर का सफर तय करती नजर आईं।
प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालने वाली महिला अधिकारी का इस तरह बाइक तिरंगा यात्रा में शामिल होना क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा। आकांक्षा नायक ने तिरंगा हाथ में लेकर यात्रा में सहभागिता की और यह संदेश दिया कि महिलाएं प्रशासनिक दायित्व निभाने के साथ-साथ हर क्षेत्र में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता के साथ आगे बढ़ सकती हैं।
प्रशासनिक भूमिका के साथ दिखा अलग अंदाज
तिरंगा यात्रा में विधायक नीलकंठ टेकाम के नेतृत्व में जहां राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश देखने को मिला, वहीं एसडीएम आकांक्षा नायक की सहभागिता ने आयोजन को महिला सशक्तिकरण से भी जोड़ दिया। 45 किलोमीटर तक बुलेट चलाकर यात्रा में शामिल होकर उन्होंने महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और समान भागीदारी का संदेश दिया।
यात्रा के दौरान मार्ग में स्कूली छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान महिला अधिकारी को बुलेट पर सवार देखकर लोगों में भी उत्साह नजर आया।
तिरंगा यात्रा में राष्ट्रप्रेम के साथ प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता तथा महिला सशक्तिकरण का यह संदेश केशकाल विधानसभा में चर्चा का विषय बना रहा।


