

केशकाल/महफूज़ अली/9जून2026–केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम के प्रयासों एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल से केशकाल में ₹3 करोड़ की लागत से आदिवासी समाज भवन की घोषणा होने पर नगर पंचायत केशकाल में आदिवासी समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं प्रमुख पदाधिकारियों ने खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एवं विधायक का आभार जताया।
बैठक के दौरान आदिवासी समाज के ब्लॉक अध्यक्ष श्री फरसु सलाम ने कहा कि लंबे समय से समाज भवन की मांग की जा रही थी, जिसकी स्वीकृति मिलना पूरे आदिवासी समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने भवन निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने का आग्रह किया।
बैठक उपरांत विधायक नीलकंठ टेकाम, आदिवासी समाज के प्रमुखों एवं समाज के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के किनारे आदिवासी समाज द्वारा आरक्षित भूमि का स्थल निरीक्षण एवं अवलोकन किया। इस दौरान समाज भवन के प्रस्तावित स्वरूप एवं निर्माण संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
समाजजनों ने भवन को आदिवासी संस्कृति, परंपरा एवं विरासत की पहचान के अनुरूप विकसित करने का सुझाव दिया। इसके लिए आदिवासी कला, संस्कृति, पारंपरिक प्रतीकों एवं स्थापत्य शैली को समाहित करते हुए भवन का प्रारंभिक नक्शा (मैप) तैयार करने पर भी सहमति बनी, जिससे यह भवन केवल एक सामुदायिक केंद्र ही नहीं बल्कि आदिवासी अस्मिता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बन सके।
समाज के लोगों ने कहा कि यदि भवन का निर्माण शीघ्र पूर्ण होता है, तो आदिवासी समाज द्वारा पारंपरिक ढोल-मांदरी, लोकनृत्य एवं आदिवासी रीति-रिवाजों के साथ विधायक श्री नीलकंठ टेकाम का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा।
विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने समाजजनों को आश्वस्त किया कि आदिवासी समाज भवन के निर्माण को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि समाज को एक आधुनिक एवं सांस्कृतिक पहचान से युक्त भवन की सौगात मिल सके।


