
जिले के नवपदस्थ कलेक्टर कुणाल दूदावत ने शनिवार को रविंद्र नाथ टैगोर शासकीय जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान आपातकालीन कक्ष, बाह्य रोगी विभाग, मातृ शिशु चिकित्सा विभाग, कोविड आइसोलेशन कक्ष, औषधि वितरण कक्ष, नेत्र रोग विभाग, भंडारकक्ष, ब्लड बैंक, ऑपरेशन थिएटर, सीटी स्कैन, एक्स-रे कक्ष, दंत रोग विभाग, हमर लैब सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। साथ ही जिला अस्पताल में प्रतिदिन आने वाले रोगियों की संख्या के संबंध में जानकारी ली और बेहतर चिकित्सीय व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वही कलेक्टर दूदावत ने अस्पताल में निरीक्षण के दौरान पाई गई अव्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ आर सी ठाकुर तथा स्वीकृत मरम्मत कार्यों में विलंब पर छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन की सहायक अभियंता से और मेन्यू अनुसार भोजन आपूर्ति में लापरवाही बरतने पर आपूर्तिकर्ता फर्म को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

