
*छत्तीसगढ़ विधानसभा उपाध्यक्ष श्री नेताम ने बड़ेराजपुर ब्लाॅक के बालेंगा में 285 हितग्राहियों को प्रदान किया वनाधिकार पट्टा*
*वनाधिकार पट्टे से उन्नत खेती-किसानी को मिला बढ़ावा – विधानसभा उपाध्यक्ष श्री नेताम*

*कोण्डागांव, 02 फरवरी 2023/* विधायक केशकाल एवं उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ विधानसभा श्री संतराम नेताम ने जिले के बड़ेराजपुर ब्लाॅक अंतर्गत बालेंगा में आदिम जाति एवं अन्य परंपरागत वन निवासी अधिनियम के तहत पात्र 285 हितग्राहियों को वन अधिकार मान्यता पत्र एवं ऋण पुस्तिका का वितरण किया। गुरूवार को बालेंगा में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और मैदानी अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं केशकाल विधायक श्री संतराम नेताम के हाथों से वनाधिकार पट्टे मिलने पर बड़ेराजपुर ब्लॉक के पलना, बैजनपुरी, ढोडरा, टाटीपारा, छिंदली, हात्मा, बालेंगा, जोड़ेकेरा, करमरी, किबड़ा, मांडोकी खरगांव, खलारी, सलना, होनावण्डी, नौकाबेड़ा, तितरवण्ड, पीटिसपाल, हल्दा, कोरगांव, टेंवसा, कोपरा, मचली एवं उड़ीदगांव के कुल 285 हितग्राहियों ने शासन-प्रशासन को धन्यवाद देते हुए अपने काबिज काश्त भूमि का हक मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इस मौके पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री संतराम नेताम ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के द्वारा छत्तीसगढ़ के मूलनिवासी एवं परंपरागत निवासियों के अधिकारों का संरक्षण करने के लिए सराहनीय पहल की गयी है। जिसके फलस्वरूप वन भूमि में काबिज काश्त करने वाले पात्र हितग्राहियों को उनके भूमि का हक प्राप्त होने के साथ ही इन हितग्राहियों को उक्त भूमि में उन्नत खेती-किसानी कर आय संवृद्धि करने का बेहतर अवसर मिला है। राज्य शासन ने इन हितग्राहियों को मनरेगा एवं अन्य योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ ही समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने के लिये सुविधा प्रदान किया है। जिससे इन हितग्राहियों के परिवारों को खेती किसानी के साथ ही मछलीपालन, साग-सब्जी उत्पादन, कुक्कुटपालन, बकरीपालन जैसी आयमूलक गतिविधियों के जरिये आमदनी बढ़ाने में मद्द मिली है और उक्त परिवारों में खुशहाली आयी है। विधानसभा उपाध्यक्ष श्री नेताम ने कहा कि पूरे प्रदेश में कोण्डागांव जिले में सर्वाधिक हितग्राहियों को वनाधिकार मान्यता पत्र वितरित गया है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक पात्र हितग्राहियों को यह अधिकार पत्र मिले और इन हितग्राहियों का घर-परिवार खुशहाली और समृद्धि की ओर अग्रसर होकर प्रदेश के विकास में सक्रिय सहभागिता निभा सकें। इसके साथ ही सामुदायिक प्रयोजन हेतु सामुदायिक वनाधिकार मान्यता पत्र तथा वनों के प्रबंधन एवं देखरेख सहित लघु वनोपज के समुचित दोहन हेतु वन संसाधन अधिकार पत्र समुदायों को प्रदान किया जा रहा है। इस दौरान क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रमिला मरकाम और जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रेमशीला मण्डावी ने भी कार्यक्रम को संबोधित कर राज्य सरकार द्वारा वनवासियों तथा किसानों के हितों के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए इन योजनाओं से लाभान्वित होकर विकास की ओर अग्रसर होने का आग्रह ग्रामीणों से किया। इस मौके पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधी तथा पंचायत पदाधिकारी और एसडीएम श्री शंकरलाल सिन्हा, तहसीलदार श्री भोई, सीईओ जनपद पंचायत श्री रवि साव समेत अन्य विभागों के मैदानी अमले एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

