*मनरेगा के रोजगारपरक कार्यों को नियमित रूप से संचालित कर अधिकाधिक लोगों को रोजगार सुलभ कराने पर बल*

*कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक*

*मनरेगा के रोजगारपरक कार्यों को नियमित रूप से संचालित कर अधिकाधिक लोगों को रोजगार सुलभ कराने पर बल*

*संवाद एवं समाधान शिविरों में आम जनता की समस्या-शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करें-कलेक्टर श्री सोनी*

*कोण्डागांव,24 जनवरी 2024*/ कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने कलेक्टोरेट के सभागार में आयोजित समय-सीमा की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री जी के घोषणाओं के क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर सुनिश्चित करने कहा। वहीं राज्य शासन की मंशानुरूप समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के तहत अंतिम तिथि तक पंजीकृत किसानों से धान उपार्जन किये जाने के निर्देश दिये, उन्होंने इस दिशा में अंतिम दिवस पर धान खरीदी केंद्रों में सम्बन्धित नोडल अधिकारियों को जाकर धान के अंतिम स्टॉक, खाली बारदाने, उठाव स्थिति इत्यादि का सत्यापन किये जाने कहा।सत्यापन के दौरान सम्बन्धित लैम्पस प्रबन्धक,धान खरीदी केंद्र प्रभारी एवं समिति कर्मचारियों के हस्ताक्षर कराये जाने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सोनी ने जिले में मनरेगा के रोजगारपरक कार्यों को नियमित तौर पर संचालित कर अधिकाधिक पंजीकृत जॉब कार्डधारी परिवारों को रोजगार सुलभ कराये जाने के लिए बल देते हुए कहा कि हरेक ग्राम पंचायत में रोजगारपरक कार्य निरन्तर चलाया जाये और एक कार्य की समाप्ति पर स्वीकृत दूसरा कार्य शुरू किया जाये। उन्होंने वनाधिकार पट्टेधारकों को मनरेगा के भूमि समतलीकरण, डबरी निर्माण, कुक्कुट शेड, सूकर शेड, बकरी शेड इत्यादि से लाभान्वित करने सहित खेती-किसानी, मछलीपालन, साग-सब्जी उत्पादन, कुक्कुटपालन,सूकरपालन, बकरीपालन आदि के लिए विभागीय योजनाओं से सहायता प्रदान करने कहा। कलेक्टर श्री सोनी ने जिले के ग्रामीण इलाकों में आयोजित संवाद एवं समाधान शिविरों में आम जनता की समस्या-शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने कहा, इस ओर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित पेयजल, बिजली सम्बन्धी शिकायतों के त्वरित निराकरण किये जाने के निर्देश दिये। वहीं उक्त शिविरों में वनाधिकार पट्टे प्रदाय, वनाधिकार पट्टेधारकों को ऋण पुस्तिका प्रदाय सहित पात्र परिवारों को राशन कार्ड वितरित किये जाने कहा।
कलेक्टर श्री सोनी ने जिले में संचालित स्कूल, आश्रम-छात्रावासों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाओं की सुलभता तथा बच्चों के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये और निरीक्षण प्रतिवेदन हर महीने में नियत तिथि तक प्रस्तुत करने कहा। उन्होंने गौठानों में नियमित रूप से गोबर की खरीदी सहित वर्मी कम्पोस्ट खाद उत्पादन पर ध्यान केंद्रित करने कहा। वहीं गौठानों में आजीविका सम्बन्धी गतिविधियों के बेहतर संचालन हेतु महिला समूहों को लगातार प्रोत्साहित किये जाने के निर्देश दिये। गौठानों में पशु चारे की व्यवस्था के लिए पैरादान की समीक्षा करते हुए उन्होंने इस दिशा में किसानों को प्रेरित किये जाने कहा। इसके साथ ही बेलर मशीन से खेतों में पड़े पैरा का संग्रहण किये जाने के निर्देश दिये। बैठक में मुख्यमंत्री जनचौपाल, मावा कोण्डानार एवं सम्पर्क केन्द्र में प्राप्त आवेदन पत्रों का निराकरण, जल जीवन मिशन के कार्यों, आंगनबाड़ी केन्द्र भवन निर्माण एवं उचित मूल्य दुकान सह गोदाम निर्माण एवं मरम्मत, ग्रामीण औद्योगिक पार्क विकास कार्यों इत्यादि की बिन्दुवार समीक्षा की गयी। बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, डीएफओ केशकाल श्री एन गुरुनाथन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के अलावा जिले में पदस्थ एसडीएम, तहसीलदार, सीईओ जनपद पंचायत तथा नगरीय निकायों के सीएमओ मौजूद थे।

Leave a Comment

और पढ़ें