

*कलेक्टर ने उड़ान आजीविका केंद्र पहुंच महिलाओं से चर्चा कर दी दीवाली पर्व की बधाई*
*तकनीकी एजेंसियों से चर्चा कर गुणवत्ता बनाये रखने दिए निर्देश*
इमरान पारेख कि खबर
*कोण्डागांव, 21 अक्टूबर 2022/* शुक्रवार को कलेक्टर श्री दीपक सोनी द्वारा उड़ान महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी पहुंच वहां कार्यरत स्व सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात की। एवं उन्हें दीपावली पर्व पर शुभकामनाएं दी गई। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं से उनके कार्यस्थल पर किसी प्रकार की समस्या के संबंध में जानकारी लेते हुए उन्हें बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने उड़ान की तकनीकी सहयोग हेतु लगाई गई संस्था महिला मंच को विगत दिनों प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। ज्ञात हो कि विगत दिनों उड़ान में गुणवत्ता को ताक पर रखते हुए अन्य ब्रांड के उत्पादों के प्रयोग करने के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। जिस के संबंध में महिलाओं ने कलेक्टर को जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत में जिस हल्दी का जिक्र किया गया है वह उड़ान में रहने वाली महिलाओं द्वारा सी-मार्ट से स्वयं के भोजन हेतु चांवल-दाल के साथ सब्जी बनाने के लिये लाया गया था। जिसे कुछ महिलाओं द्वारा लाकर अव्यवस्थित रूप से रख कर कार्य प्रारंभ कर दिया गया था।
इस संबंध में अधिकारियों ने कहा कि उड़ान द्वारा गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के लिए कठोर कदम उठाए जाते हैं। किसी प्रकार की समस्या पाए जाने पर गुणवत्ता परीक्षण दल द्वारा उस लॉट की दोबारा जांच की जाती है। उड़ान के उत्पादों की गुणवत्ता को बनाए रखने हेतु विशेष गुणवत्ता निरीक्षक की भी नियुक्ति की गई है और प्राप्त शिकायत को भी गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत सीईओ द्वारा जांच भी प्रारम्भ कर दी गयी है। इस संबंध में कार्यवाही करते हुए दो सुरक्षा गार्डों को तत्काल रूप से निष्कासित कर दिया गया है। इसके साथ ही उड़ान के संचालन का कार्यभार संभाल रहे दो यंग प्रोफेशनल सहित तकनीकी सहयोगी एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

