
*स्वास्थ्य सचिव श्री प्रसन्ना आर. द्वारा जिला अस्पताल का किया गया निरीक्षण*
*इमरान पारेख कि खबर *
*हमर लैब का निरीक्षण कर, व्यवस्थाओं की सराहना की*
कोण्डागांव, 17 सितम्बर 2022/ शुक्रवार को छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री प्रसन्ना आर., संचालक स्वास्थ्य विभाग श्री भीम सिंह एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संचालक श्री भोसकर विलास संदिपान द्वारा जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने जिला अस्पताल पहुंच उन्होंने जिला अस्पताल के सभी वार्डों का दौरा कर वार्डों में स्वच्छता व्यवस्था एवं स्टाफ की उपलब्धता की जांच की। इस दौरान उन्होंने वार्ड में कार्यरत स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों से चर्चा करते हुए उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने हमर लैब पहुंच वहां हो रहे जांचों की विस्तृत जानकारी लेते हुए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए वहां के स्टाफ को अच्छे कार्य हेतु प्रोत्साहित किया। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर श्री दीपक सोनी एवं जिला अस्पताल के सभी डॉक्टरों से चर्चा करते हुए अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार हेतु एवं अधोसंरचना विस्तार पर विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर स्वास्थ सचिव ने एनीमिया मुक्त कोण्डागांव अभियान के तहत एनीमिया मुक्ति हेतु बनाए गए ऐप्प, अभियान के अंतर्गत शैक्षणिक संस्थाओं एवं आश्रम-छात्रावासों को एनीमिया मुक्त संस्था के रूप में घोषित किए जाने, स्कूलों में रिकॉल सिस्टम के तहत नोडल शिक्षक बनाकर बच्चों को खाने-पीने के प्रति जागरूक करने एवं बच्चों को आयरन फोलिक एसिड की दवाइयां वितरित करने की योजना की तारीफ करते हुए अधिकारियों को इस अभियान की कार्य योजना को पूरे बस्तर में लागू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा मरीजों की सुविधा हेतु किए जा रहे विशिष्ट ऑपरेशनों के द्वारा बड़े बड़े रोगों का निशुल्क एवं समुचित उपचार की प्रशंसा करते हुए यहां सर्जरी करने वाले विशेषज्ञ डॉ0 एस नागुलन की भी प्रशंसा करते हुए उन्हें अपने कार्य के लिए बधाई दी एवं जिला अस्पताल में इन सेवाओं के विस्तार हेतु आवश्यक उपकरणों एवं सुविधाओं हेतु चर्चा करते हुए जल्द से जल्द इनकी उपलब्धता हेतु निर्देशित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रेम प्रकाश शर्मा, सीएमएचओ डॉ टीआर कुंवर, डीपीएम सोनल ध्रुव, सिविल सर्जन डॉ संजय बसाक सहित सभी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

