
जुनेद पारेख/केशकाल,कोंडागांव–लोकसभा निर्वाचन में शांतिपूर्ण निष्पक्ष मतदान हेतु कलेक्टर ने सेक्टर अधिकारियों को दिए निर्देश
संवेदनशील केंद्रों की पहचान एवं उसपर मतदान कराने हेतु तैयारियों के लिए सेक्टर ऑफिसरों को दिया गया प्रशिक्षण
कोण्डागांव, 23 जनवरी 2024/ मंगलवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में जिले के सभी मतदान केंद्रों में आगामी लोकसभा निर्वाचन में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने हेतु सेक्टर अधिकारियों की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में संवेदनशील केन्द्रों की पहचान एवं उनके मूल्यांकन कार्यों को अतिमहत्वपूर्ण बताते हुए इसके संबंध में जानकारी दी गयी। जिसमें उन्होंने कहा कि निर्वाचन पूर्व तैयारियों से आपका कार्य निर्वाचन के दिवस में आसान हो जाएगा। इसके लिए प्रशासनिक सेक्टर अधिकारियों एवं पुलिस सेक्टर अधिकारियों को मतदान केन्द्रों के लिए रूट निर्धारित कर तथा मतदान केन्द्रों में पहुंच उनका जायजा लेना होगा। ताकि उन क्षेत्रों में होने वाली दिक्कतों का वे आंकलन कर उसका निराकरण कर सकें।
इस अवसर पर कलेक्टर ने सभी सेक्टर अधिकारियों को दल सहित अपने निर्धारित क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित करने तथा संवाद हेतु योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने को कहा ताकि क्षेत्र में आगामी लोकसभा चुनाव को दृष्टिगत समस्त व्यवस्था सुदृढ़ की जा सके। सभी सेक्टर अधिकारियों को चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित मापदंड के आधार पर क्षेत्र की संवेदनशीलता की जांच हेतु निर्देश दिये गये। जिसमें क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव, राजनीतिक तनाव, पूर्व में हुए जघन्य अपराध, पूर्व मतदानों में कम मतदान प्रतिशत, महिला एवं विशेष जाति के लोगों में मतदान न करने हेतु किसी प्रकार के दबाव, पूर्व निर्वाचन में प्रभावित होने आदि बिन्दुओं के आधार पर संवेदनशीलता का निर्धारण करने को कहा गया।
कलेक्टर ने सभी सेक्टर अधिकारियों को अपने क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों में मतदान दलों के लिए सभी सुविधाओं को सुनिश्चित करते हुए ऐसे केन्द्र जहां आवश्यकता है वहां की जानकारी देकर व्यवस्था सुनिश्चित करने को निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी अधिकारियों को मतदान कार्यों में सतर्कता बरतने हेतु निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, निर्विघ्न एवं सफलता पूर्वक निष्पादित कराना हमारा दायित्व है। ऐसे में सभी को समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर मनोज केसरिया, मास्टर ट्रेनर शशिभूषण कन्नौजे, वेणु गोपाल राव सहित सभी पुलिस एवं प्रशासनिक सेक्टर अधिकारी उपस्थित रहे।




