*शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों को लाभान्वित करने के लिए व्यापक पहल करने पर बल*

*जिला अल्पसंख्यक कल्याण समिति की बैठक सम्पन्न*

*शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों को लाभान्वित करने के लिए व्यापक पहल करने पर बल*

*कोण्डागांव,24 जनवरी 2023*/ कलेक्टर श्री दीपक सोनी की अध्यक्षता में गत दिवस कलेक्टोरेट सभागार में सम्पन्न जिला अल्पसंख्यक कल्याण समिति की बैठक के दौरान जिले में अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए व्यापक पहल किये जाने पर बल दिया गया। इस बैठक में कलेक्टर श्री सोनी ने कहा कि शासन की मंशानुरूप अल्पसंख्यक वर्ग के नागरिकों को योजनाओं से लाभान्वित करने सहित उनके समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है, इस ओर जिला प्रशासन इन वर्गों के लोगों से सतत चर्चा कर सकारात्मक पहल करेगी। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री नवीन 15 सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन की दिशा में सम्बंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को लाभान्वित किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण सम्बन्धी योजनाओं के साथ ही अन्य जनहितकारी योजनाओं की जानकारी उक्त वर्ग के लोगों को प्रदान करने सहित उन्हें लाभान्वित किये जाने कहा। इसके साथ ही पात्रता के आधार पर सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत पेंशन योजनाओं एवं आवास योजना से लाभान्वित करने कहा। उन्होंने इन वर्गों के शत-प्रतिशत परिवारों को पात्रतानुसार राशनकार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा मनरेगा जॉब कार्ड प्रदान किये जाने के निर्देश दिये। वहीं इच्छुक लोगों को कौशल विकास प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार स्थापित करने आवश्यक सहायता प्रदान किये जाने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सोनी ने अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों को शिक्षा सुविधाओं की सुलभता सहित इच्छुक बच्चों को नीट-जेईई कोचिंग प्रदान करने कहा। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री प्रेम प्रकाश शर्मा ने ग्रामीण आवास योजना, सामाजिक सहायता कार्यक्रम के पेंशन योजनाओं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन इत्यादि से सम्बंधित वर्ग के लोगों लाभान्वित करने की जानकारी देते हुए जिले के ग्रामीण इलाकों में निवासरत अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को इन योजनाओं से लाभ लेकर विकास की ओर अग्रसर होने का आग्रह किया। बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, आदिवासी विकास, नगरीय प्रशासन एवं विकास, उद्योग इत्यादि विभागों के द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय के लिए संचालित योजनाओं-कार्यक्रमों के अलावा इस वर्ष अब तक लाभान्वित स्थिति की जानकारी दी गयी। बैठक में जिला अल्पसंख्यक कल्याण समिति के अशासकीय सदस्यों ने भी अपने अमूल्य सुझाव दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें