
*कोण्डागांव एवं माकड़ी ब्लाक के सरपंच एवं पंचायत सचिवों की कार्यशाला संपन्न*
*ग्राम पंचायत के समग्र विकास हेतु समन्वित पहल करें- कलेक्टर श्री दीपक सोनी*
*निर्माण कार्यों को तेजी के साथ संचालित कर नियत समयवधि में पूर्ण करने पर बल*
*हर सप्ताह नियमित रूप से ग्रामीण सचिवालय का आयोजन करने के निर्देश*
इमरान पारेख कि खबर 
*कोण्डागांव, 24 नवम्बर 2022/*अपने ग्राम पंचायत के समग्र विकास सहित लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराये जाने के लिए सरपंच तथा पंचायत सचिव आपसी तालमेल के साथ समन्वित पहल करें। वहीं शासन की मंशानुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं-कार्यक्रमों का कारगर ढंग से कार्यान्वियन कर आम लोगों को लाभान्वित करें। इसके साथ ही नवाचारी पहल के माध्यम से अपने ग्राम पंचायत को सर्वेश्रेष्ठ बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता निभायें। उक्त बात कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने कलेक्टोरेट में कोण्डागांव एवं माकड़ी ब्लाक के सरपंच तथा पंचायत सचिवों की कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कही।
कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने ग्राम पंचायतों के सर्वांगीण विकास की दिशा में ग्राम पंचायत विकास योजना में सभी विभागों के योजनाओं को शामिल करने एवं बेहतर क्रियान्वयन पर बल दिया। उन्होने ग्राम पंचायतों के अंतर्गत निर्माण कार्यों की प्रगति सहित मूलभूत सुविधाओं की सुलभता के लिए सकारात्मक पहल किये जाने कहा। वहीं ग्राम पंचायत को कुपोषण मुक्त, एनीमिया मुक्त तथा मलेरिया मुक्त बनाने सहित स्वच्छता एवं साफ-सफाई, शिक्षा, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए समुचित प्रयास करने पर बल देते हुए कहा कि आगामी दिनों सम्बन्धित संकेतकों के आधार पर ग्राम पंचायतों का रैकिंग किया जायेगा। कलेक्टर श्री सोनी ने हर सप्ताह नियत दिवस पर नियमित रूप से ग्रामीण सचिवालय का आयोजन कर पंचायत पदाधिकारियों की उपस्थिति सहित पंचायत सचिव, पटवारी, रोजगार सहायक और कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य ईत्यादि मैदानी अमले की अनिवार्य रूप से उपस्थिति सुनिश्चित कर मूलभूत सुविधाओं की सुलभता का आंकलन करने सहित आम जनता की समस्याओं के निराकरण हेतु जिम्मेदारी के साथ पहल किये जाने कहा। उन्होने इस ओर सरपंचों को स्वयं की सक्रियता के साथ ग्राम पंचायत की बेहतरी हेतु ध्यान केन्द्रीत करने कहा। वहीं पंचायत सचिवों को पूरी गंभीरता के साथ सजग होकर दायित्व निर्वहन करने के निर्देश दिए।
*मनरेगा के रोजगारमूलक कार्यों में बेहतर प्रदर्शन करने पर बल*
कलेक्टर श्री सोनी ने ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत रोजगारमूलक कार्यों को नियमित तौर पर संचालित कर अधिकाधिक पंजीकृत जॉब कार्डधारी परिवारों को रोजगार सुलभ कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होने मनरेगा के तहत स्वीकृत देवगुड़ी स्थल कायाकल्प, गौठान निर्माण, आंगनबाड़ी केन्द्र, सेग्रीगेशन शेड, पंचायत भवन निर्माण, नरवा विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर आगामी 31 मार्च 2023 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किये जाने कहा। वहीं वनाधिकार पट्टेधारी हितग्राहियों के आय संवृद्धि हेतु उन्हे मनरेगा से लाभान्वित किये जाने पर बल देते हुए भूमि समतलीकरण, डबरी निर्माण, कुक्कुट शेड, डेयरी शेड आदि के लिए सहायता देने कहा। इसके साथ विभागीय योजनाओं के तहत् खेती किसानी, मत्स्यपालन, कुक्कुटपालन, गौपलन आदि से लाभान्वित किये जाने के निर्देश दिए। उन्होने वनाधिकार पट्टेधारी हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करने पर पुनः अन्य कार्यों की त्वरित स्वीकृति देने आश्वस्त किया। कलेक्टर श्री सोनी ने गौठानों के समुचित संचालन, गोबर की नियमित खरीदी एवं वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन सुनिश्चित किये जाने कहा। वहीं गौठानों में गौठान मितान के माध्यम से पशुओं की देखरेख सुनिश्चित करने कहा। उन्होने वर्तमान में गौठानों पर पैरादान करने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किये जाने पर जोर देते कहा कि गांव के मवेशियों के लिए चारे की सुलभता को दृष्टिगत रखते हुए किसानों को पैरादान करने समझाईश दी जाये। उन्होने ग्राम पंचायतों के आय के साधन विकसित करने के लिए दूरस्थ ईलाके के ग्राम पंचायतों में निर्माण एवं विकास समिति के माध्यम किराये पर सेंट्रीग सामग्री, टेंट सामग्री उपलब्ध कराने तथा अन्य पंचायतों में संभावनाओं के अनुरूप किराये पर दुकाने आबंटित करने एवं सामुदायिक वृक्षारोपण किये जाने कहा। कार्यशाला के दौरान निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण अभियान, नवभारत साक्षरता कार्यक्रम, ग्राम पंचायत विकास योजना, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ईत्यादि विस्तृत जानकारी दी गयी। वहीं स्कूल भवन मरम्मत, शिक्षकों की व्यवस्था, पेयजल एवं विद्युत संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु सरपंचों ने अपने सुझाव दिए। कार्यशाला में सीईओ जिला पंचायत श्री प्रेम प्रकाश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा कोण्डागांव एवं माकड़ी ब्लाक के सीईओ जनपद पंचायत, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा और अन्य अधिकारी एवं सरपंच तथा पंचायत सचिव मौजूद थे।

