*केन्द्रीय सचिव ने विडियो कान्फ्रेंसिंग से की महिला लखपति पहल क्रियान्वयन की समीक्षा*


*केन्द्रीय सचिव ने विडियो कान्फ्रेंसिंग से की महिला लखपति पहल क्रियान्वयन की समीक्षा*
*महिला लखपति पहल योजनांतर्गत देश के 100 जिलों में कोण्डागांव जिले को किया गया शामिल*
*प्रदेश में कोण्डागांव जिले के चयन से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा*

*कोण्डागांव, 07 नवम्बर 2022/* भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव श्री नागेन्द्र नाथ सिन्हा ने विडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से महिला लखपति पहल योजना क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कहा कि उक्त योजना को कारगर ढंग से क्रियान्वयन कर महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में सकारात्मक प्रयास किया जाये। उन्होंने इस दिशा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के साथ मनरेगा एवं अन्य योजनाओं का अभिशरण कर आजीविका संबंधी विभिन्न गतिविधियों से महिला स्व-सहायता समूहों को व्यापक रूप से जोड़ने को कहा। इस दौरान अपर मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन श्री सुब्रत साहू ने भी विडियो कान्फ्रेंसिंग से जुड़कर योजना क्रियान्वयन की जानकारी से अवगत कराया।
गौरतलब है कि भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा पूरे देश के चयनित 100 जिलों में महिला लखपति पहल योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य में उक्त योजनांतर्गत कोण्डागांव जिले का चयन पश्चात् इस योजना के कार्यान्वयन हेतु कार्ययोजना तैयार किया गया है। विडियो कान्फ्रेंसिंग में कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने बताया कि जिले में महिला लखपति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इस दिशा में ट्रांसफार्मिंग रूरल इण्डिया फाउण्डेशन के द्वारा जिला लाईवलीहुड पोटेंशियल मेपिंग कार्यशाला आयोजित कर आजीविका के विभिन्न साधनों को चिन्हित किया गया है। इसके साथ ही ग्राम गरीबी उन्मुलन कार्ययोजना हेतु जिला एवं सामुदायिक स्त्रोत व्यक्तियों को ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। वर्तमान में जिले में परिवारों का सर्वेक्षण पूर्णता पर है। जिले में स्व-सहायता समूह की महिलाएं ग्रामीण औद्योगिक पार्क के विभिन्न आयमूलक गतिविधियों से जुड़ी हैं। गोधन न्याय योजनांतर्गत गोबर खरीदी, सब्जी उत्पादन, मुर्गीपालन, बकरी पालन, चारा उत्पादन और वर्मी कम्पोस्ट खाद उत्पादन के जरिये महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। उड़ान संस्था के माध्यम से 200 महिलाएं रोजगार से जुड़ी हैं वहीं कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही शिल्पकार उत्पादक समूह कम्पनी बनाया गया है। जिससे बेलमेटल, टेराकोटा, लौहशिल्प के शिल्पियों को जोड़कर उनकी आय संवृद्धि के लिए पहल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महिला लखपति पहल योजना की सतत् मॉनिटरिंग के साथ ही महिला लखपति पहल प्रोग्रेस ट्रेकिंग कार्ड तैयार किया गया है। जिससे संबंधित महिलाएं स्वयं के आय मूलक गतिविधि से आय संवृद्धि की जानकारी रख सकेंगी।
विडियो कान्फ्रेंसिंग में भारत सरकार ग्रामीण विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने पॉवर पाइंट प्रस्तुती से योजना क्रियान्वयन प्रगति के लिए विस्तृत दिशा निर्देश दिये।

Leave a Comment

और पढ़ें