
*जिला
कोण्डागांव*
*इमरान पारेख कि खबर*
*स्पोर्ट्स एकेडमी इम्फाल के लिए चयनित बालिका का कलेक्टर ने किया सम्मान*
*कलेक्टर ने खेलो इण्डिया खेलों जूडो विधा में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु दी बधाई*
*कोण्डागांव, 03 नवम्बर 2022/* गुरूवार को कलेक्टर दीपक सोनी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर जूडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन से स्पोर्ट्स एकेडमी इम्फाल हेतु चयनित बालिका गृह की कुमारी कोरेटी (परिवर्तित नाम) का सम्मान करते हुए उन्हें सरदार पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मेहसाणा गुजरात में 11 से 15 सितंबर 2022 तक आयोजित खेलो इण्डिया वीमेन्स जूडो नेशनल लीग्स का क्षेत्रीय रैंकिंग टूर्नामेंट मे वेस्ट जोन से द्वितीय स्थान पर आते हुए सिल्वर मेडल जीतने हेतु बधाई दी। उन्होंने बालिका का प्रोत्साहन करते हुए कहा कि हमारे जिले के लिए यह अत्यन्त गौरवांवित करने का पल है कि ऐसी कठिन परिस्थितियों से पार पाते हुए हमारे जिले की बालिका द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की गई है। ऐसे बच्चे अन्य बच्चों के लिए रोल मॉडल होते है इनसे अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने बालिका को हर संभव मदद का भी आश्वासन दिया। इस अवसर पर डीपीओ अवनि कुमार बिश्वाल, जिला बाल संरक्षण अधिकारी नरेन्द्र सोनी सहित बालिका गृह के अधिकारी उपस्थित रहे।
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद बालिकागृह कोण्डागांव में निवासरत् बालिका को आईटीबीपी के 41वें बटालियन के प्रशिक्षक उदय सिंह यादव द्वारा विगत 02 वर्षों से जूडो हेतु प्रशिक्षण दिया जा रहा था। जिसपर बालिका द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेहसाणा के खेलो इण्डिया गेम्स के साथ दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय खेलो इण्डिया प्रतियोगिता में अखिल भारतीय स्तर पर पांचवां स्थान प्राप्त किया है। उनके सतत प्रदर्शन को देखते हुए स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इण्डिया द्वारा बालिका का चयन राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खेलों के प्रशिक्षण हेतु मणिपुर के इम्फाल स्पोर्ट्स एकेडमी हेतु किया गया है। स्पोर्ट्स एकेडमी में 02 वर्ष तक उनके खेल को निखारने एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से प्रतिस्पर्धा उन्हें प्रशिक्षण दिया जायेगा।

